बहराइच-कैसरगंज में 30 तो नानपारा में 26 चक्रों में होगी मतगणना
लोकसभा चुनाव के मतों की गिनती की तैयारियां पूरी, आज होगा दस प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
प्रेक्षकों ने डीएम-एसपी के साथ किया मतगणना स्थल का निरीक्षण
विधानसभावार 14-14 टेबलों पर होगी मतगणना, लगाए गए 532 कार्मिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। लोकसभा क्षेत्र बहराइच व कैसरगंज के आंशिक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना मंगलवार को सुबह 8:00 बजे शुरू होगी। मतगणना को लेकर सोमवार को दिन भर तैयारियों का दौर चलता रहा। मतगणना स्थल नवीन गल्ला मंडी में जहां बैरिकेडिंग की गई तो वहीं कलेक्ट्रेट में भी बैठकों का दौर चला। इस बार बहराइच व कैसरगंज में सबसे ज्यादा 30-30 चक्रों में मतगणना होगी। वहीं नानपारा विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 26 चक्रों की गणना होगी।
बहराइच लोकसभा क्षेत्र के लिए बीते 13 मई को मतदान किया गया था। जिसमें कुल 18,25,673 मतदाताओं में से 57.42 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान के दौरान कुल 9,62,553 पुरुष मतदाताओं में से 56.56 प्रतिशत व कुल 8,63,058 महिला मतदाताओं में से 58.45 प्रतिशत ने ईवीएम में अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए 10 प्रत्याशियों की किस्मत को ईवीएम में कैद किया था। जिनके भाग्य का फैसला मंगलवार को होगा। सुबह 8:00 बजे से मतगणना स्थल नवीन गल्ला मंडी स्थल पर मतगणना शुरू होगी। मतगणना को लेकर गल्ला मंडी में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और पूरे मंडी परिसर को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है। साथ ही विभागवार अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। मतगणना को लेकर सोमवार को जिला प्रशासन के जिम्मेदार भ्रमणशील रहे। निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों अनिल राज राय, अमनदीप बंसल व रूपाश्री के. ने डीएम मोनिका रानी, एसपी वृंदा शुक्ला के साथ गल्ला मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी ने विधानसभावार मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव, सीआरओ देवेंद्र पाल सिंह, एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा, एएसपी ग्रामीण डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
विधानसभावार प्रवेश को गेट निर्धारित
बहराइच। सकुशल मतगणना के लिए जिला प्रशासन की ओर से विधानसभावार प्रवेश गेट निर्धारित किए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि गेट नंबर एक से सभी अधिकारीगण व विधानसभा पयागपुर के गणना कर्मी प्रवेश करेंगे। गेट संख्या दो से विधानसभा बलहा, नानपारा, मटेरा, महसी, बहराइच व कैसरगंज के गणना कर्मी, अन्य विविध ड्यूटी में तैनात कार्मिक व मीडिया कर्मी प्रवेश करेंगे। गेट नंबर तीन से लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र बहराइच के प्रत्याशी, उनके अभिकर्ता व विधानसभा बलहा, बहराइच के गणना अभिकर्ता प्रवेश करेंगे। गेट संख्या चार से विधानसभा नानपारा, मटेरा, महसी, पयागपुर व कैसरगंज के गणना अभिकर्ता प्रवेश करेंगे। एडीएम ने बताया कि बलहा, मटेरा व महसी में 27-27 चक्र, नानपारा में 26, बहराइच व पयागपुर में 30-30 चक्र और कैसरगंज में 29 चक्रों में मतगणना होगी।
मतगणना केंद्र पर मोबाइल प्रतिबंधित
उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव रंजन ने बताया कि गणना अभिकर्ता अपनी विधान सभा क्षेत्र में निर्धारित टेबल पर ही रहेंगे। कोई भी मतगणना अभिकर्ता, निर्वाचन अभिकर्ता व प्रत्याशी मतगणना केंद्र पर मोबाइल, स्पाई पेन, कैमरा या अन्य कोई इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस नहीं ले जाएगा। मतगणना अभिकर्ता को बिना पास के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ईवीएम की मतगणना के लिए होगी चार सदस्यीय टीम
मतगणना को लेकर सोमवार को प्रेक्षक अनिल राज राय, अमनदीप बंसल, रूपाश्री के., डीएम मोनिका रानी व सीडीओ रम्या आर की मौजूदगी में कार्मिकों का द्वितीय रैंडमाईजेशन किया गया। डीएम मोनिका रानी ने बताया कि ईवीएम की मतगणना के लिए चार सदस्यीय टीम जिसमें एक-एक माइक्रो आब्जर्वर, गणना सुपरवाईजर, गणना सहायक व चतुर्थ श्रेणी कार्मिक होंगे। प्रत्येक विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र हेतु के लिए 14 गणना टेबल, दो एआरओ टेबल व तीन-तीन टेबल रिजर्व रहेंगी। पोस्टल मतपत्रों की गणना दो टेबलों पर की जाएगी। जिसके लिए दो रिजर्व सहित चार गणना टीमें लगाई गई हैं।