फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: घने कोहरे में लिपटी रही तराई, बढ़ गई ठिठुरन

Sat, 20 Dec 2025 12:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
बहराइच में सुबह के समय छाया कोहरा।     -संवाद
विज्ञापन
बहराइच। तराई क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम का मिजाज और सख्त हो गया। बृहस्पतिवार रात से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे शुक्रवार सुबह दृश्यता बेहद कम रही। ठंड का असर ऐसा रहा कि लोग घरों से निकलते ही ठिठुरते दिखे। कोहरे और ठंड के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित दिखा।
विज्ञापन




घने कोहरे के कारण शुक्रवार सुबह सड़क पर वाहन रेंगते नजर आए। कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही, जिससे हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर दुर्घटना की आशंका बनी रही। कोहरे से रोडवेज बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ, बसें निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंचीं। ट्रेनों के संचालन में भी 30 से 45 मिनट तक की देरी दर्ज की गई। वाहन चालकों ने दिन में भी हेडलाइट जलाए रखी।


मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवा चली। अलाव के सहारे लोग ठंड से बचने की कोशिश करते नजर आए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी ठंड का असर साफ दिखा। सबसे अधिक दिक्कत घर से निकले नौकरी पेशा वर्ग के लोगों को हुई।
विज्ञापन





खेतों में नमी बनाए रखें किसान
कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. संदीप कनौजिया ने बताया कि कोहरे और ठंड से गेहूं, सरसों और सब्जी की फसलों पर असर पड़ सकता है। पाला भी गिर रहा है, पाला और शीतलहर के बीच किसान खेतों में नमी का संतुलन बनाए रखें और आवश्यकता के अनुसार हल्की सिंचाई करें। पाला गिरने से दलहनी फसलों में माहू लग सकता है, ऐसे में नियमित निगरानी जरूरी है।



स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी सतर्कता
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. पी तिवारी ने बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा व हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह-शाम ठंड से बचने, गर्म कपड़े पहनने और कोहरे में बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम में सजग रहकर ही स्वस्थ रहा जा सकता है।



फॉग लाइट और रिफ्लेक्टर का करें उपयोग
एआरटीओ प्रवर्तन ओपी सिंह ने वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से चलने, फॉग लाइट और रिफ्लेक्टर का उपयोग करने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। ठंड और कोहरे का यह सिलसिला अभी कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना जताई जा रही है, ऐसे में सतर्कता बरतना जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें