बहराइच। महसी तहसील के रेहुआ मंसूर गांव में बाघ को पकड़ने के लिए शुक्रवार दोपहर अभियान शुरू हुआ। दो हाथियों पर सवार टीम की कॉम्बिंग के दौरान बाघ अचानक खेतों से निकलकर भागता नजर आया। हाथियों पर सवार विशेषज्ञों ने बाघ पर चार बार निशाना साधा, लेकिन ट्रैंकुलाइज गन का निशाना हर बार चूक गया। बाघ की फुर्ती देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
रेहुआ मंसूर गांव में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बाघ को काबू में करने के लिए कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग और दुधवा टाइगर रिजर्व के विशेषज्ञों ने गांव में डेरा डाल दिया है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कतर्नियाघाट से हथिनी जयमाला और चंपाकली को मौके पर बुलाया गया, जो बृहस्पतिवार देर शाम रेहुआ मंसूर गांव पहुंचीं।
शुक्रवार को मौसम खराब रहने के कारण भोर में बाघ को पकड़ने का अभियान शुरू नहीं हो सका। हालात सामान्य होने पर दोपहर करीब 12 बजे हाथियों की मदद से कॉम्बिंग शुरू की गई। जैसे ही हाथी गन्ने के खेत में दाखिल हुआ, लगभग 10 मिनट के भीतर बाघ खेत से निकलकर तेजी से भागता दिखाई दिया।
यह देखकर कुछ दूरी पर मौजूद ग्रामीणों और वनकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस बीच हाथियों पर सवार दुधवा टाइगर रिजर्व के वन्य चिकित्सक डॉ. दयाशंकर और डॉ. दीपक ने ट्रैंकुलाइज गन से चार बार निशाना साधा, लेकिन बाघ को ट्रैंकुलजाइज करने में सफलता नहीं मिल सकी। शाम छह बजे कॉम्बिंग रोक दी गई।
प्रभागीय वनाधिकारी सुंदरेसा ने बताया कि बाघ को पकड़ने के लिए चारों तरफ जाल लगाए गए हैं, लेकिन कॉम्बिंग के दौरान बाघ लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। बाघ के भागते हुए दिखाई देने की भी पुष्टि हुई है। वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम बाघ को सुरक्षित रूप से घेरकर ट्रैंकुलाइज करने की रणनीति पर काम कर रही है।
खुशलीपुरवा, भगईपुरवा, पासिनपुरवा, कहारनपुरवा, दुवेपुरवा और अकबरपुरवा गांवों के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा रहे। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे खेतों की ओर न जाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
मौके पर रेंज अधिकारी शाकिब अंसारी, वन दरोगा प्रशिक्षण वर्मा, रामगांव थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी पवन कुमार सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं। पूरे इलाके में सतत निगरानी रखी जा रही है।
ड्रोन से निगरानी
बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से लगातार निगरानी की गई। ड्रोन की मदद से गन्ने के खेतों और झाड़ियों में बाघ की लोकेशन ट्रेस की गई, ताकि उसे सुरक्षित ढंग से घेरा जा सके, लेकिन पहला दिन खाली गुजर गया।