बहराइच। सुजौली थाना क्षेत्र निवासी एक बालक पर बृहस्पतिवार को बाघ ने हमला कर दिया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ बालक की मौत हो गई। बाघ के हमले में बालक की मौत की सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ऐहतियातन वन टीम गांव में गश्त कर रही है।
सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत आंबा निवासी महफूज(10) बृहस्पतिवार की शाम जंगल के किनारे बकरी चरा रहा था। इसी दौरान जंगल से निकले बाघ ने उस पर हमला कर दिया। खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया तो बाघ जंगल में भाग गया। लेकिन हमले में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। बालक के मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन खेतों में पहुंचे। वहीं ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वन कर्मियों को दी। सूचना पर पहुंची वन टीम मौके पर जांच कर रही है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
कतर्नियाघाट रेंजर ने बताया कि मृतक के परिजनों को फौरी तौर पर 5000 रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी गई है। डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि बाघ के हमले में बालक की मौत के बाद मौके पर टीम भेजी गई है। ग्रामीणों को घर से अकेले बाहर निकलने से रोका गया है। टीम मौके पर गश्त कर रही है।
........