बिछिया (बहराइच)। धर्मापुर रेंज के जलिहा गुजराना गांव में सोमवार को एक युवक मवेशियों को चरागाह ले जा रहा था। तभी अचानक जंगल में घात लगाकर बैठे बाघ ने एक बैल पर हमला कर दिया। बाघ बैल को जंगल में घसीट ले गया और निवाला बना लिया। बाघ के हमले की सूचना रेंज कार्यालय को दी गई है। बाघ के हमले से ग्रामीणों में दहशत है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के धर्मापुर रेंज अंतर्गत जलिहा गुजराना गांव निवासी जाबड़े सुबह अपने मवेशियों को चरागाह चराने के लिए ले जा रहा था। तभी गांव के खनने बाबा स्थान के पास घात लगाकर बैठे बाघ ने मवेशियों पर हमला कर दिया। बैल की गर्दन को अपने जबड़े में दबोचकर बाघ पास की झाड़ियों में खींच ले गया और निवाला बना लिया।
यह देख युवक ने शोर मचाया, जिस पर आसपास गांव के लोग एकत्र हो गए। लेकिन तब तक बैल को घसीटते हुए बाघ जंगल मं जा चुका था। बाघ के बढ़ते हमले से ग्रामीणों में दहशत है। युवक ने घटना की सूचना रेंज कार्यालय पर दी है।