बहराइच में दोनक्का के पास दुग्ध डेयरी पर छापेमारी करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को बलरामपुर रोड पर दोनक्का स्थित सीपी मिल्क एंड फूड प्रोडक्टस प्राइवेट लिमिटेड के कारखाने पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने दूध के छह नमूने भरकर कारखाने में व्यवस्था को चाक चौबंद रखने के लिए नोटिस जारी किया है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी दूध के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरेश कुमार की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसपीएन सिंह, राजेंद्र पांडेय, आरपी वर्मा, अनंत स्वरूप, डॉ. विश्राम व डॉ. रामतेज ने दोनक्का स्थित सीपी मिल्क एंड फूड प्रोडक्टस प्राइवेट लिमिटेड के कारखाने पर छापा मारा।
इस दौरान टीम कारखाने में व्याप्त गंदगी देखकर भड़क उठी। टीम ने कारखाना संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुये कारखाने को पूर्णतया साफ-सफाई कर व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के निर्देश जारी करते हुए नोटिस थमाई। टीम ने कारखाने को खंगालते हुए दूध के छह नमूनों को भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर जनपद में मिलावटी दूध के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार एक दूध के कारखाने पर विभाग की टीम ने छापा मारा था। उन्होंने बताया कि कारखाने में गंदगी आदि को लेकर कारखाना संचालक को व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए नोटिस दी गई। दूध के छह नमूनों को भरकर जांच के लिए भेजा गया हे। रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई की जायेगी।