बहराइच। कल्पीपारा स्थित रवींद्रनाथ टैगोर इंटर कॉलेज में अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान सचल दस्ते ने दो फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ लिया। यह सभी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने आए थे। दोनों को पुलिस हिरासत में देते हुए मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।
शहर के कल्पीपारा स्थित रवींद्र नाथ टैगोर इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शनिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल की अंग्रेजी की परीक्षा थी। परीक्षा शुरू हुई तो सचल दस्ते का नेतृत्व करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र पांडेय चेकिंग करने पहुंच गए।
चेकिंग के दौरान परीक्षार्थी रमेश पुत्र मंगरू के स्थान पर परवेज अहमद नाम का युवक सीट पर बैठा मिला। जबकि इसी केंद्र के परीक्षार्थी अनस जमील के स्थान पर मोहम्मद यूनुस परीक्षा दे रहा था। टीम ने दोनों को पकड़ लिया। डीआईओएस ने बताया कि दोनों को पुलिस हिरासत में दे दिया गया है। केंद्र व्यवस्थापक द्वारा दरगाह शरीफ थाने में मुकदमा दर्ज कराए जाने के लिए तहरीर दी गई है।