बहराइच जिले में रविवार की दोपहर शुरू हुई तेज बारिश से शहर के कई मोहल्ले भीषण जलभराव की चपेट में आ गए। करीब ढाई घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी। हालात यह रहे कि शहर के कई मोहल्लों में घंटों जलभराव की स्थित बन गई। मोहल्लों में आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। जिला चिकित्सालय व शहर का मुख्य बाजार तो मिनी तालाब जैसा नजर आने लगा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था भी घंटो बाधित रही। हालांकि करीब ढाई घंटे के बाद बारिश थमने से लोगों ने राहत की सांस ली।
जिले में रविवार की दोपहर करीब 12 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया। आसमान पर काले बादल छाने लगे। इस दौरान तेज उमस के साथ अचानक मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। बारिश होने से इस भीषण उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस तो ली, लेकिन तेज बारिश से शहर के कई मोहल्लों में जिलनिकासी की समस्या होने से भीषण जलभराव की स्थित बन गई। शहर के चौकबाजार, बिसातखाना लाइन, स्टलगंज तालाब, फायरस्टेशन के सामने और जिला चिकित्सालय में घुटनों-घुटनों तक पानी भर गया। इसके अलावा शहर के मोहल्ला बख्शीपुरा, घसियारीपुरा, नौवागढ़ी, पुलिस लाइन रोड, इंदिरा स्टेडियम के सामने, नाजिरपुरा, अकबरपुरा, बड़ीहाट, बरहियापुरा आदि स्थानों पर भी जलभराव की स्थित बन गई।
जलभराव होने के चलते मोहल्लों व शहर के मुख्य मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। हालांकि बारिश कम होने के कुछ घंटे के बाद शहर के कुछ स्थानों पर लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल गई। लेकिन शहर के घसियारीपुरा, नौवागढ़ी व बख्शीपुरा आंशिक क्षेत्र में कई घंटो तक जलभराव की स्थित बनी रही। जलभराव होने से मोहल्लेवासियों को आवागमन में खासी परेशानी उठानी पड़ी। करीब ढाई घंटे के बाद जब बारिश पूरी तरह थमी, तो लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि इस दौरान पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला चलता रहा है।
तेज बारिश से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली रही बाधित
रविवार को दोपहर शुरू हुई मूसलाधार बारिश में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के कई स्थानों की विद्युत आपूर्ति घंटो बाधित रही। बारिश थमने के बाद भी कई स्थानों बिजली आपूर्ति पटरी पर न लौटने के चलते लोगों को इस चिपचिपाहट भरी गर्मी में खासी परेशानी उठानी पड़ी।
नगर पालिका प्रशासन का दावा हवाहवाई
नगर पालिका प्रशासन ने बारिश से पूर्व शहर के 41 छोटे, मझोले व बड़े नालों की साफ-सफाई का दावा किया गया था। बारिश से पूर्व नपाप प्रशासन द्वारा नालों की साफ-सफाई का कार्य भी युद्ध स्तर पर कराया गया था, लेकिन इधर बारिश की बेरुखी से नगर पालिका प्रशासन भी सुस्त हो गया। ऐसे में शहर की नाले-नालियां फिर बजबजाने लगी थीं। नाले-नालियों की नियमित साफ-सफाई न होने से रविवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की आधी आबादी जलभराव की चपेट में आ गया। कई मोहल्लों में बारिश थमने के बाद भी घंटो तक जलभराव की स्थित बनी रही।
मूसलाधार बारिश का बच्चे, युवाओं व महिलाओं ने उठाया लुत्फ
बहराइच। रविवार की दोपहर तेज घने बादलों के बीच अचानक शुरू हुई तेज बारिश में उमस भरी गर्मी से जूझ रहे युवा जलभराव के बीच बाइक से स्टंट करते नजर आए। वहीं बच्चों ने भी बैट लेकर सड़क पर हुए जलभराव के बीच क्रिकेट खेलते नजर आए। बच्चे घंटों बारिश के बीच मस्ती करते हुए भीगकर बारिश का लुत्फ उठाया। मूसलाधार बारिश में महिलाएं भी भीगकर सड़कों पर अपनी बाइक से फर्राटा भरतीं नजर आईं।