फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: वृद्ध ने तेंदुए से संघर्ष कर बचाई जान

Sun, 16 Nov 2025 01:17 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
मिहींपुरवा/बिछिया। जंगल से सटे इलाकों में तेंदुओं का हमला थम नहीं रहा। शनिवार को कतर्नियाघाट और सुजौली रेंज में तेंदुओं ने अलग-अलग स्थानों पर एक वृद्ध और एक युवक पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वृद्ध ने तेंदुए से पांच मिनट तक संघर्ष कर अपनी जान बचाई। दोनों घटनाओं की पुष्टि वन विभाग ने की है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन



नैनिहा मोतीपुर निवासी प्रमोद कुमार (65) की रिश्तेदारी सुजौली रेंज के महाराज सिंह नगर गांव में विश्वनाथ यादव का घर है। प्रमोद शुक्रवार को रिश्तेदारी में आए थे। शनिवार को सुबह वह नित्यक्रिया जाने के लिए घर से निकले। वह गन्ने के खेत के निकट पहुंचे तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।

प्रमोद ने तेंदुए से पांच मिनट तक संघर्ष किया और इस दौरान वे शोर मचाते रहे। उनकी आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े। लोगों को आता देख तेंदुआ प्रमोद को छोड़कर खेतों में घुस गया। इस दौरान उनके हाथ में गहरे जख्म हुए हैं।
विज्ञापन


घायल प्रमोद कुमार को ग्रामीणों ने सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि तेंदुए की निगरानी के लिए टीम को गश्त के लिए लगाया गया है।


दूसरी घटना कतर्नियाघाट रेंज के आनंदनगर बरखड़िया की है। यहां के निवासी अरविंद (40) बाइक से निजी कार्य के लिए सुबह जा रहे थे। रास्ते में झाड़ियों से निकले तेंदुए ने चलती बाइक पर हमला कर दिया। पीछे से आ रहे राहगीरों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भागा।

अरविंद किसी तरह बाइक रोककर मौके से हटे। ग्रामीणों ने उन्हें सुजौली पीएचसी पहुंचाया। वन रक्षक अब्दुल सलाम की मदद से उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया गया।

रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि युवक को हल्की खरोंचें आई हैं और उनकी हालत ठीक है। क्षेत्र में टीम को अलर्ट किया गया है और ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें