बहराइच। तराई में मौसम बदलने लगा है। फरवरी माह में ही लोगों को मार्च जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों को बीमारियां अपनी चपेट में ले रही हैं। जिससे मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार की देर रात सभी वार्डों के बेड फुल नजर आए। बढ़ती गर्मी के साथ जिले में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। प्रतिदिन जिला अस्पताल की ओपीडी में दो से ढाई हजार मरीज ओपीडी में आते हैं। वर्तमान समय में जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों में बुखार व डायरिया से पीड़ित मरीजों की खासी तादात है। इन मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए चिकित्सकों द्वारा उन्हें उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ.प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि अभी सुबह व शाम हल्की ठंड व दोपहर में तेज धूप के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी लोग तेज धूप में निकलने से परहेज करें व सुबह तथा शाम को गर्म कपड़ें पहनें। जिससे बीमारियों की चपेट में आने से बचा जा सके।