शिवपुर/खैरीघाट। रामपुर धोबिया हार गांव के बाहर स्थित किसान इंटर कॉलेज परिसर में बुधवार सुबह एक ग्रामीण का क्षत-विक्षत शव मिला। उसका पैर वन्य जीवों ने नोच डाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सुबह जब लोग अपने खेत और खलिहान जाने के लिए निकले तो कॉलेज परिसर में एक ग्रामीण का शव पड़ा देखा। लोग मौके पर पहुंचे तो ग्रामीण की पहचान गांव निवासी बदलू पाल (52) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, बदलू करीब 15 दिनों से घर से लापता थे और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिससे आशंका है कि वह इधर-उधर भटकते हुए कॉलेज परिसर तक पहुंच गए होंगे।
ग्रामीणों के अनुसार शव का एक पैर बुरी तरह नोचा हुआ था, जिससे जंगली जानवर के हमले की चर्चा फैल गई। हालांकि वन विभाग के डिप्टी रेंजर अमित वर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के बाद किसी जानवर द्वारा शव को नुकसान पहुंचाने की आशंका लग रही है।
थानाध्यक्ष आनंद सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डिप्टी रेंजर अमित कुमार वर्मा ने भी तेंदुए के हमले की पुष्टि से इनकार करते हुए कहा कि स्पष्ट कारण रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।