बहराइच के कलेक्ट्रेट में बैठक को संबोधित करते प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह।
बहराइच। जिले के प्रभारी व प्रदेश सरकार के कृषि राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के विकास कार्यों की लागत संबंधी सवालों पर कहा कि उन्हें प्रदेश सरकार से विकास कार्यों का रेट पूछने का हक नहीं है। पहले गांधी परिवार अपने शासनकाल में हुए विकास कार्यों का हिसाब बताए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में केंद्र से भेजे जाने वाले 100 रुपये में से लाभार्थियों तक महज 15 रुपये पहुंचने की बात कही जाती थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि वह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बुलंदशहर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भीड़ नहीं होने के कारण उनका हेलीकॉप्टर नहीं उतर सका, जिसके बाद उन्होंने अनर्गल बयानबाजी शुरू कर दी। गोंडा के विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर अखिलेश यादव के बयानों पर भी प्रभारी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले में नियम और कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है, जबकि विपक्ष की ओर से मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं।