कैसरगंज (बहराइच)। फखरपुर के कुंडासर सुवाताली में बृहस्पतिवार को प्रेमी व प्रेमिका ने जहर खा लिया। इलाज के दौरान प्रेमी की मौत हो गई, जबकि प्रेमिका गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुंडासर सुवाताली निवासी अरमान ने बताया कि उसके बड़े भाई मोहम्मद इमरान (23) का पिछले कुछ समय से गांव निवासी एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग था। इमरान दिल्ली में मजदूरी करता था। करीब एक माह पहले वह लौटा था। जिस पर गांव में दोनों के प्रेम की चर्चाएं तेज हो गई। इस वजह से वह काफी परेशान रहने लगा था। बृहस्पतिवार शाम सूचना मिली कि इमरान कैसरगंज के निकट अचेत अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और इमरान को कैसरगंज सीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी जब गांव में फैली तो उसकी प्रेमिका ने भी जहर खा लिया। परिजन उसे कैसरगंज सीएचसी ले गए जहां से उसको बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
फखरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है। वही परिजनों ने बताया कि इमरान का विवाह कुछ दिन पूर्व ही हुआ था। अगले महीने उसका गौना होना था।