नवाबगंज। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाने के बाद बृहस्पतिवार को पूजन सामग्रियों की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की मधुर धुनों के बीच शोभायात्रा निकालकर पूजन सामग्रियों का विसर्जन किया।
शोभायात्रा निम्निहारा, तेजा फांटा, गुलहरिया, राम बट्टी, किशुन गांव, सनमन गांव, खटिकन गांव, लोकई गांव आदि नौ स्थानों से निकाली गई। यात्रा में कान्हा की मनमोहक झांकियों ने हर किसी का मन मोह लिया। हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की और जय श्री कृष्णा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर कन्हैया का भव्य स्वागत किया। थाना नवाबगंज की पुलिस टीम शोभायात्रा के दौरान तैनात रही।
यात्रा के अंत में विशाल आरती का आयोजन हुआ और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूजन सामग्रियों का विसर्जन भखला नाला व सरयू नहर पर किया गया इस दौरान शिवम कुमार, अरविंद कुमार, संतोष कुमार, अनूप मिश्रा,पतिराम चौधरी, अनिल मिश्रा आदि मौजूद रहे।
मंगलीनाथ में मनाया दही-हांडी उत्सव
पौराणिक स्थल मंगली नाथ शिव मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार को दही-हांडी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत युवाओं ने एक दूसरे के ऊपर चढ़कर मचान बनाया। उसी मचान के सहारे शिवम वर्मा काफी ऊंचे पेड़ पर मटकी बांधी गई तक पहुंचे और उसे फोड़कर परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर पौराणिक मंदिर को गुब्बारों व झालरों से सजाया गया। इस दौरान विशाल भारती, सत्यनारायण विश्वकर्मा, शिवम भारती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।