विशेश्वरगंज। बाल विकास परियोजना के अंतर्गत फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली के माध्यम से पोषाहार वितरण न करने पर 39 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। संबंधित कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी गई है कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपा गुप्ता ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बीना देवी, सरला शुक्ला, गीता देवी, विद्यावती, माया देवी, कुसुम कुमारी, पूनम शर्मा, अनीता, मिथिलेश कुमारी, कंचना राय, नीलम देवी, कमला देवी, सुनीता देवी, मुलुकरानी सहित 25 अन्य कार्यकर्ता विभाग की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं कर रही थीं। कई बार चेतावनी के बावजूद उनके आचरण और कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है।
सीडीपीओ ने कहा कि फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली के माध्यम से पोषाहार वितरण में पारदर्शिता आएगी और योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचेगा।