चित्तौरा। महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर दो दिवसीय महाराजा सुहेलदेव विजय उत्सव का रविवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में जिले के कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से महाराजा सुहेलदेव की वीरगाथा का वर्णन किया।
चित्तौरा झील के तट पर विजय उत्सव के दूसरे दिन सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद कवि सम्मेलन में कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। देर शाम तक संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आदर्श मिश्रा एवं उर्मिला पार्टी ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय आजीविका मिशन, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, बैंकिंग, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, मत्स्य, हथकरघा एवं काष्ठशिल्प तथा संस्कृति विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए थे।
इस अवसर पर राजा यशवेंद्र विक्रम सिंह, महाराज विष्णुदेवाचार्य, अधिवक्ता संजीव श्रीवास्तव, महाराजा सुहेलदेव समिति के सचिव दिलीप कुमार अर्जुन, हरीशचंद्र गुप्ता, डीएम अक्षय त्रिपाठी, एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, सीडीओ सुनील कुमार धनवंता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, राजकिशोर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।