मिहींपुरवा के मधवापुर में अनाज न मिलने के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। मिहींपुरवा ब्लॉक के मधवापुर गांव के ग्रामीणों को दो माह से कोटेदार की ओर से खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने डीएम और जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन भेजा। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार अंगूठा लगवाने के बाद कार्डधारकों को बिना खाद्यान्न दिए ही वापस कर देता है। दो माह से खाद्यान्न न मिलने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मिहींपुरवा विकास खंड अंतर्गत मधवापुर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों का कहना है कि गांव का कोटेदार अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को दो माह से खाद्यान्न नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार हेमंत कुमार अंगूठा लगवाकर दूसरे दिन बुलाता है। दूसरे दिन जाने पर खाद्यान्न न होने की बात कहकर टरका देता है। यह सिलसिला दो माह से चल रहा है। इससे नाराज ग्रामीणों ने गांव निवासी पतीराम, अर्जुन, मोहन, कमलेश, अवधेश, सतीश कुमार की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि कार्डधारकों से दो माह से सिर्फ अंगूठा लगवाया जा रहा है। खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। इससे कार्डधारक खाद्यान्न के लिए इधर-भटक रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी शंभु कुमार व जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप को ज्ञापन भेज कर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। ग्राम प्रधान राजेश कुमार का कहना है कि ग्रामीण उनके पास आए थे। उन्हें दो माह से अंगूठा लगवाने के बाद भी खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। इस मौके पर रीना देवी, बारीलाल, अरुण, अनीस, मोहन, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।