बहराइच। पयागपुर तहसील मुख्यालय पर शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों ने सिस्टम की हकीकत उजागर कर दी। मुख्य आयोजन तहसील सदर में हुआ। यहां डीएम राजेश कुमार पांडेय ने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की।
तहसील सदर में डीएम ने एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, सीडीओ सुनील कुमार धनवंता, एसडीएम अमन देयोल, सीएमओ डॉ. संजय कुमार, डीडीओ राज कुमार, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई की और निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पयागपुर प्रतिनिधि के अनुसार यहां एडीएम अरुण कुमार ने दिवस की अध्यक्षता की। इस दौरान कुल 15 शिकायतें आईं। इनमें से तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर एसडीएम संजय कुमार पांडेय, तहसीलदार अंबिका चौधरी, बीडीओ आशुतोष श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार अक्षय पाण्डेय, निशांत राणा आदि मौजूद रहे।
तिलखावा निवासी बिपत ने बताया कि वह अपनी पौत्री के जन्म प्रमाणपत्र के लिए डेढ़ माह से दफ्तर का चक्कर लगा रहा है। बिना कोई कारण बताए प्रमाणपत्र निर्गत नहीं किया गया है। उनका कहना है कि पटल प्रभारी कभी अपनी कुर्सी पर नहीं रहते तो कभी व्यस्तता का बहाना करके टरका देते हैं। इस पर एडीएम अरुण कुमार ने संबंधित काे मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
ग्राम हंसुआपारा निवासी चंद्र प्रकाश ने ग्राम पंचायत निवासी प्रेम सागर व राम सागर पर तालाब व सार्वजनिक जमीन पर कब्जा कर निर्माण का आरोप लगाते हुए हटाए जाने की मांग की है। इस पर एसडीएम ने टीम गठित कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ग्राम महरौली निवासी ईश्वरदीन ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बावजूद राजस्व निरीक्षक पक्की मेड़बंदी नहीं करा रहे हैं। इस मामले में एडीएम अरुण कुमार ने एसडीएम को आवश्कय कार्रवाई कर ग्रामीण की समस्या सुलझाने का निर्देश दिया।
240 में से 25 मामले हुए निस्तारित
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शनिवार को तहसील सदर में प्राप्त 55 प्रार्थनापत्रों में से चार का निस्तारण मौके पर किया गया। तहसील कैसरगंज में प्राप्त 92 प्रार्थनापत्रों के सापेक्ष 11, तहसील पयागपुर में प्राप्त 15 के सापेक्ष तीन, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में प्राप्त 17 के सापेक्ष दो, नानपारा में प्राप्त 20 के सापेक्ष तीन व महसी में प्राप्त 41 प्रार्थनापत्रों के सापेक्ष मात्र दो का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।