रिसिया में स्थापना के लिए पहुंची भगवान गणेश की प्रतिमा।
बहराइच। जिले के विभिन्न स्थानों पर सोमवार को विध्न विनाशक भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। गणपति बप्पा के स्वागत को लेकर पंडाल सजकर तैयार हो गए हैं। समितियों ने धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर ली है। प्रतिमा स्थलों पर सुबह-शाम आरती, भजन और प्रसाद वितरण होगा। कुछ स्थानों पर भजन संध्या व जवाबी कीर्तन भी आयोजित किए जाएंगे। पुलिस ने भी प्रतिमा स्थलों की निगरानी की व्यवस्था की है।
जिला मुख्यालय के मेवातीपुरा, मेडिकल कॉलेज के सामने, मां संहारिणी मंदिर के सामने समेत कई स्थानों पर सोमवार को प्रतिमाओं की स्थापना होगी। वहीं, मटेरा प्रतिनिधि के अनुसार हरितालिका तीज को लेकर जंगली नाथ मंदिर में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दुकानदारों ने दुकानें सजा ली हैं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंदिर के पुजारी मून बाबा व अनिल शास्त्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। चौकी प्रभारी राम सुधार यादव ने बताया कि सुरक्षा के लिए सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
रूपईडीहा प्रतिनिधि के अनुसार श्री गणेश सेवा समिति आजाद रोड की ओर से 27वें वर्ष गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 13 सितंबर को गणपति जी का आगमन होगा। 22 सितंबर को श्रृंगार दर्शन, 23 को महाआरती, 24 को हवन एवं भंडारा और 25 सितंबर को प्रतिमा विसर्जन होगा। अध्यक्ष अनुज कौशल व महामंत्री अभय कौशल ने बताया कि उत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
रिसिया प्रतिनिधि के अनुसार इंदिरा नगर हनुमान मंदिर, ऋषिभूमि, शास्त्री नगर श्याम बाबा मंदिर, चरसिया बाबा कुट्टी और सिसई सलोन में गणेश प्रतिमाएं स्थापित होंगी। इंदिरा नगर हनुमान मंदिर में लखनऊ से लाई गई प्रतिमा रख दी गई है। सोमवार को विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा होगी। समिति पदाधिकारी शशांक यज्ञ सैनी, गोबरी शर्मा व दिनेश वैश्य ने बताया कि सुबह-शाम पूजा, आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा।