तराई में ठंड लगने से तीन लोगों की सांसें थम गई हैं। बहराइच में महसी तहसील के ग्राम हरदीगौरा निवासी एक ग्रामीण ने रात में ठंड लगने से दम तोड़ दिया। परिवारीजनों ने तहसील को सूचना देने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। वहीं श्रावस्ती के मल्हीपुर के वीरगंज स्थित नई बस्ती व भिनगा के राजापीरपुर के मजरा गौंडरा में ठंड लगने से दो लोगों की मौत हो गई।
परिवारीजनों ने लाश का अंतिम संस्कार कर दिया है।
हरदी थाना अंतर्गत ग्राम हरदी गौरा निवासी हरेराम (55) पुत्र रामगुलाम भूमिहीन है। खेतीबाड़ी भी नहीं है। मेहनत मजदूरी कर हरेराम परिवार का पेट पालता था। प्रतिदिन की तरह हरेराम रात में पुआल पर परिवार के साथ सोया था।
तभी रात एक बजे के आसपास उसे कंपकंपी और उलझन का एहसास हुआ। थोड़ी देर में उसकी तबियत और बिगड़ गई। इस पर परिवार के लोगों ने घरेलू उपचार भी शुरू किया। लेकिन कुछ देर बाद में हरेराम ने दम तोड़ दिया। सुबह सूचना पाकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि करुणाशंकर मौर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने ठंड से ग्रामीण के मौत की सूचना तहसील को दी। इस पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए।
पंचनामा के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इस मामले में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि ग्रामीण के मौत की सूचना मिली थी। लेकिन परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया है। ऐसे में मौत ठंड से हुई है या नहीं, कह पाना मुश्किल है। फिर भी लेखपाल को जांच सौंपी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर श्रावस्ती में भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राजापुर वीरपुर के मजरा गौंडना निवासी झगरू (50) पुत्र परमेश्वर भोजन पकाने के लिए लकड़ी लेने रविवार को जंगल गया था। जहां से देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवारीजनों द्वारा तलाश की गई तो उसकी लाश गांव के निकट मार्ग किनारे पड़ी मिली। परिवारीजनों के मुताबिक उसे ठंड लगी थी। इससे पहले कि वह घर पहुंचता उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों द्वारा लाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
वहीं मल्हीपुर थाना क्षेत्र के वीरगंज बाजार स्थित नई बस्ती निवासी जाकिर अली (60) पुत्र शकूर अली को शनिवार रात ठंडक लगने व पेट दर्द की शिकायत हुई थी। जिसे परिवारीजनों ने पास की दुकान से दवा लाकर दी। इसके बावजूद उसकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ। परिवारीजनों ने रविवार को अस्पताल खुलने पर उसे डॉक्टर को दिखाने की बात कही। लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई। घर वालों ने जाकिर अली की लाश का भी अंतिम संस्कार कर दिया है।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी जमुनहा बताते हैं कि मैं इस समय बाहर हूं। लौट कर ही कुछ बता सकूंगा। वहीं उप जिलाधिकारी सत्य प्रकाश वर्मा बताते हैं कि हमें इसकी जानकारी नहीं है। हलका लेखपाल को भेजकर इसकी जानकारी कराई जाएगी।