बहराइच में मंगलवार को आसमान में छाए काले बादल।
बहराइच। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान तराई के लोगों को मंगलवार सुबह मौसम ने राहत का अहसास कराया। सुबह करीब सात बजे तक तेज धूप रही, लेकिन एक घंटे बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। ठंडी हवा चलने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को लगा कि अब अच्छी बारिश होगी। दोपहर बाद करीब चार बजे कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इसके बाद बादल छंट गए और धूप निकल आई। इससे लोगों को फिर उमस का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. पीएल त्रिपाठी ने बताया कि बारिश के लिए अनुकूल सिस्टम पूरी तरह सक्रिय नहीं हो सका। इसी कारण बादल तो बने, लेकिन बारिश नहीं हो पाई। अगले एक-दो दिनों में मौसम में फिर बदलाव की संभावना बनी हुई है।