बहराइच में चिलचिलाती धूप में गुजरता छात्र।
बहराइच। दो दिन की अच्छी बारिश के बाद बुधवार को तराई में बादल तो पूरे दिन मंडराते रहे, लेकिन बरसे नहीं। मौसम विभाग ने दिन में दो बार अगले तीन घंटे के भीतर वर्षा का अलर्ट जारी किया, लेकिन शाम तक बारिश नहीं हुई। नतीजतन उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। ऐसे में बिजली की आंखमिचौली ने और मुसीबत बढ़ा दी।
तराई में बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा। बीच-बीच में तेज धूप निकलने से वातावरण में नमी और बढ़ गई, जिससे उमस असहनीय हो गई। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हालांकि, पिछले दो दिनों की बारिश से धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों का कार्य तेज हो गया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी ने बताया कि तराई क्षेत्र में वातावरण में नमी बनी हुई है और मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं। बादलों की आवाजाही इसी का संकेत है। उन्होंने कहा कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान बहराइच और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। साथ ही लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।