बहराइच। फर्जी मृत्यु प्रमाण जारी करने के मामले में एक नगर पालिका परिषद कर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार नगर पालिकाकर्मी की ओर से जमानत की अर्जी कोर्ट में दाखिल की गई, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। जिसके बाद उसे जेल भेजा गया है।
शहर के चर्चित माफिया गब्बर सिंह प्रकरण की पक्षकार सुधा मातनहेलिया के पति अरुण मातनहेलिया के मृत्यु प्रमाणपत्र पर सवाल उठाए गए थे। नगर पालिका परिषद बहराइच से प्रमाणपत्र जारी करने संबंधी पटल पर अनिल कुमार नामक कर्मचारी की तैनाती है। इसी पटल से गोंडा रोड स्थित शिवनगर निवासी अरुण मातनहेलिया का मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किया गया था। इसकी शिकायत पुलिस में की गई तो, प्रकरण को क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया था। पुलिस ने जांच कर शुक्रवार को आरोपी को बयान के लिए दरगाह थाने में तलब किया और बयान के दौरान आरोप की पुष्टि होने पर उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी मामले में माफिया देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गब्बर भी आरोपी हैं, जो मौजूदा समय में फरीदाबाद जेल में निरुद्ध हैं। फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर जमीन की खरीद फरोख्त के मामले का खुलासा हुआ था, जिसकी जांच अभी भी लंबित है। दरगाह थाना प्रभारी हरेंद्र मिश्रा ने नगर पालिका परिषद कर्मचारी को जेल भेजे जाने की पुष्टि की है।