पयागपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के दरयावपुरवा में बुधवार देर रात बिजली का तार ठीक करते समय करंट लगने से संविदाकर्मी की हुई मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया था। पुलिस ने मामले में 14 नामजद सहित 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
बिजली उपकेंद्र पयागपुर के अवर अभियंता नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि पांच जून की रात संविदाकर्मी लाइनमैन हनुमान की मौत के बाद उनके परिजन व ग्रामीणों ने रात 10 बजे उपकेंद्र पर धावा बोलकर ड्यूटी पर तैनात कर्मी बृजराज पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया था। सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए केंद्र में रखे रजिस्टर फाड़ते हुए कुर्सी-मेज सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। जिसके संबंध में 14 नामजद लोगों व लगभग 25 अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अवर अभियंता नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि घायल कर्मी बृजराज की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।