रुपईडीहा। नेपाल में होने वाले आम चुनाव को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-नेपाल सीमा पर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में सीमावर्ती इलाकों में 2 मार्च की रात 12 बजे से 5 मार्च की रात 12 बजे तक सीमा सील रखने का निर्णय लिया गया है। सीमा बंदी की सूचना से व्यापारियों और रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में सामान्य आवागमन और व्यावसायिक गतिविधियों पर पूर्ण रोक रहेगी। हालांकि मेडिकल आपात स्थिति और ट्रैवेल इमरजेंसी के मामलों में मानवीय आधार पर राहत दी जा सकती है।
बताया कि इसके लिए संबंधित व्यक्ति को सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे और सघन जांच के बाद यदि जांच अधिकारी को व्यक्ति की इमरजेंसी महसूस होगी, तभी अनुमति दी जाएगी।
एसएसबी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत और सहायक कमांडेंट शिवम कुमार ने बताया कि चुनाव अवधि के दौरान बॉर्डर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यक मामलों को छोड़कर अन्य किसी को सीमा पार करने की अनुमति नहीं होगी।
कमांडेंट ने सीमावर्ती नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।