खैरीघाट। आम बीनने के लिए शुक्रवार सुबह घर से निकली बालिका रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। शनिवार सुबह मक्के के खेत से उसका शव मिला। मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाकर जांच में जुटी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बालिका प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती थी। शुक्रवार को वह स्कूल नहीं गई थी। सुबह बाग से आम लाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन लौटी नहीं। परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इस पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
परिजनों के साथ ही ग्रामीण और पुलिस बालिका की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच शनिवार सुबह बाग से कुछ दूरी पर स्थित मक्के के खेत से बालिका का शव मिला। उसके मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था, शरीर पर कपड़े भी नहीं थे, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एएसपी डीपी तिवारी, क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
एसपी ने बताया कि बाबा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म के बाद हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मामले के खुलासे के लिए चार टीमें गठित
एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए स्वाट टीम और सर्विलांस के साथ दो विशेष टीमें लगाई गई हैं। संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई है।
एक युवक को हिरासत में लिया
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सर्विलांस टीम की मदद से एक युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं।
दुष्कर्म की नहीं हुई पुष्टि, गला दबाकर ही गई है हत्या
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। बालिका की गला दबाकर हत्या किए जाने का पता चला है। उसी के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-डीपी तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण