बहराइच। मटेरा के पिपरहवा गांव के पास रविवार सुबह सरयू नहर में बोरे में मिला शव बस्ती निवासी आकाश कसौंधन (25) का था। मंगलवार को मृतक के भाई ने थाने पहुंचकर उसकी पहचान की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत का कारण जानने के साथ ही पुलिस श्रावस्ती जिले से जुड़े तारों की पड़ताल कर रही है।
रविवार सुबह ग्रामीण सरयू नहर किनारे से गुजर रहे थे। इस दौरान उन्हें नहर में एक बोरा उतराता दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें युवक का शव मिला। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव मर्च्युरी में रखवा दिया और पहचान के प्रयास शुरू किए। इसके लिए जोन व रेंज कार्यालय के साथ ही पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया। युवक की फोटो थानों और सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई।
मंगलवार सुबह बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के गंधरिया गांव निवासी विकास कसौंधन ने थाने पहुंचकर शव की पहचान अपने छोटे भाई आकाश के रूप में की। विकास ने पुलिस को बताया कि आकाश मुंबई में रहकर निजी कार्य करता था। वह 12 अक्तूबर को श्रावस्ती निवासी एक मित्र के बुलाने पर वहां गया था। इससे पहले 20 सितंबर को उसने बलरामपुर निवासी अपने जीजा मनोज गुप्ता को फोन कर जल्द घर आने की बात कही थी।
थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि मामले के तार श्रावस्ती से जुड़ रहे हैं। वहां की पुलिस से संपर्क कर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।