तेजवापुर (बहराइच)। रामगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खसरा मोहम्मदपुर स्थित बागेश्वरी मंदिर में कई मूर्तियों को खंडित करने वाले अराजक तत्व अभी भी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। वहीं गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थिति को संभालने के लिए रामगांव के साथ-साथ हरदी थाने की पुलिस व पीएसी बल तैनात है। वहीं आला अधिकारी भी गांव में गश्त कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है, कि पुलिस उल्टा मंदिर पक्ष के लोगों को प्रताड़ित कर रही है।
रामगांव थाना क्षेत्र के खसहा मोहम्मदपुर स्थित बागेश्वरी मंदिर पर बीते बृहस्पतिवार की रात अराजक तत्वों ने धावा बोला और मंदिर मेंं स्थापित कई मूर्तियों को तोड़ दिया था। जिसके बाद से हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है और ग्रामीण मूर्ति खंडित करने वाले अराजकतत्वों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और गांव में तनाव बना हुआ है। स्थिति संभालने के लिए एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी, एसडीएम आलोक प्रसाद व सीओ डीके श्रीवास्तव लगातार घटनास्थल का दौरा कर रहे हैं। वहीं बागेश्वरी मंदिर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। साथ ही आमजनमानस व पत्रकारों को मंदिर तक फटकने भी नहीं दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिलीप यादव का मोबाइल भी एसओजी टीम ने चार घंटे तक जब्त रखा था।
मंदिर पक्ष के लोगों पर दबाव के लिए कार्रवाई कर रही रामगांव पुलिस
ग्रामीणों का आरोप है, कि रामगांव पुलिस ने सालों से चल रहे बागेश्वरी मंदिर के व्हाट्सएप ग्रुप को जबरन डिलीट करवा दिया है। वहीं घटना से संबंधित वीडियो भी जबरन डिलीट करवा रहे हैं। यही नहीं मंदिर पक्ष के लोगो पर दबाव बनाने के लिए अकारण लोगोंं को हिरासत में लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
मामले की गहनता से तफतीश की जा रही है। संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रेषित करने वालों ने अपनी गलती स्वीकार की है। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से मौके पर पुलिस बल तैनात है। -डीके श्रीवास्तव, सीओ