बहराइच के कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने आए टैंपो चालक।
बहराइच। अवैध वसूली से परेशान टेंपो चालकों ने बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान चालकों ने हुजूरपुर बस स्टैंड के पास अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। चालकों ने बताया कि वे वर्षों से गोनार्द लॉन के पास सवारियां बैठाते हैं। इसी स्थान से वे परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका आरोप है कि अवैध ठेकेदार और पुलिसकर्मी उनसे जबरन धन वसूल रहे हैं। विरोध करने पर वाहनों का चालान कर दिया जाता है या टेंपो सीज होते हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। चालकों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और स्थायी स्थान चिह्नित करने का अनुरोध किया। इस दौरान राजू, राम कुमार, सगीर, छोटकन्ने, सुनील, भोंदू, राशिद आदि मौजूद रहे।