बहराइच। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से बढ़ रही ठंड से लोगों को राहत देने की पहल प्रशासन ने शुरू कर दी है। शासन ने जिले की छह तहसीलों के लिए 33 लाख रुपये का बजट अवमुक्त कर दिया है, जिससे अलाव जलवाने और कंबल की खरीद की जाएगी।
उत्तराखंड में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण तराई में पारा नीचे लुढ़कना शुरू हो गया है। तराई में बढ़ रही ठंड के बावजूद अभी तक प्रशासन की ओर से कहीं पर अलाव नहीं जलवाया जा रहा था। इसे अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया। अपर जिलाधिकारी जयचंद्र पांडेय ने बताया कि अलाव जलवाने के लिए हर तहसील को 50-50 हजार रुपये दिए गए हैं। वहीं सदर, नानपारा, कैसरगंज, महसी, मोतीपुर और पयागपुर तहसील में कंबल वितरण के लिए 30 लाख रुपये मिले हैं, जिनको भी तहसीलों को आवंटित करने की कार्रवाई की जा रही है।
दो स्थानों पर जलने लगा अलाव
अमर उजाला की ओर से प्रमुखता से खबर का प्रकाशन किए जाने के बाद प्रशासन ने दो जगहों पर अलाव भी जलवा दिया है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पवन कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में रैन बसेरे के निकट और रोडवेज बस अड्डे पर अलाव जलवा दिया गया है, जिससे राहगीरों और तीमारदारों को मुश्किल का सामना नहीं करना पड़े।