मिहींपुरवा। क्षेत्र के शहनवाजपुरवा गांव निवासी किशोरी शनिवार शाम को घर से लापता हो गई थी। परिजन खोज में जुटे थे, तभी रविवार देर शाम उसका शव घर से 200 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में मिला। उसके गले पर जख्म के निशान हैं, जिससे लग रहा है की धारदार हथियार से हत्या कर लाश को फेंका गया है। कोतवाली मुर्तिहा पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहनवाजपुरवा गांव निवासी निशा (16) शनिवार शाम छह बजे नित्यक्रिया के लिए घर से निकली थी, वह देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका, पूरी रात खोजबीन के बाद रविवार सुबह परिजनों ने मुर्तिहा कोतवाली पहुंचकर पुलिस को किशोरी के लापता होने की सूचना दी।
पुलिस ने किशोरी के लापता होने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अभी परिवार के लोग खोजबीन में परेशान थे कि तभी रविवार देर शाम खेत से लौट रहे ग्रामीणों ने गांव के बाहर झाड़ियों में एक किशोरी का शव पड़ा देखा, लाश मिलने की सूचना पाकर गांव के लोग एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की।
प्रभारी निरीक्षक राम नरेश ने बताया कि लाश को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया गया है, गले पर जख्म के निशान हैं, जिससे लग रहा है कि हत्या कर लाश को फेंका गया है। परिजन अभी तक कारण नहीं बता सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
किशोरी के मोबाइल पर आए कॉल डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है, परिवार की पुरानी रंजिश और अन्य बिंदुओं को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।