मिहींपुरवा। प्रेम प्रसंग में निकाह की जिद पर अड़ी 16 वर्षीय किशोरी शुक्रवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई। निकाह न होने पर टावर से कूदने की धमकी दी। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया।
बाद में युवक से वीडियो कॉल पर बात कराई गई। दोनों परिवारों की सहमति के बाद मौलाना की मौजूदगी में वीडियो कॉल के जरिये निकाह की रस्म पूरी कराई गई। इसके बाद किशोरी माता-पिता के साथ चली गई।
मोतीपुर क्षेत्र निवासी किशोरी शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे चौधरीगांव में लगे टावर पर चढ़ गई। वह शोर मचाकर गांव निवासी युवक से निकाह कराने की मांग करने लगी। किशोरी के टावर पर चढ़ने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिसकर्मियों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही।
इसके बाद पुलिस ने युवक से वीडियो कॉल पर उसकी बात कराई। युवक के पिता को बुलाकर समझाया गया। दोनों परिवारों की सहमति मिलने पर मौलाना को मौके पर बुलाया गया और वीडियो कॉल के जरिये निकाह की रस्म पूरी कराई गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा अमित सिंह और मोतीपुर पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। सीओ ने बताया कि किशोरी निकाह न होने पर टावर से कूदने की धमकी दे रही थी। समझाने और दोनों परिवारों की सहमति के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।