शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर सरकार की चुप्पी से आहत प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों ने शनिवार को ब्लॉक मुख्यालय पर स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सभी लंबित समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग कर रहे थे।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि 17 अप्रैल तक समस्याएं दूर न हुईं तो 18 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर हुंकार भरी जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारियों को 12 सूत्री मांगपत्र भी सौंपा गया।
जिले के शिक्षक शनिवार को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले आंदोलित रहे।
सुबह 10 बजे शिक्षकों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र कार्यालय शिक्षक संघ मिहींपुरवा के कार्यवाहक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह व मंत्री लालचंद्र की अगुवाई में शनिवार को शिक्षकों ने बीआरसी परिसर में धरना प्रदर्शन दिया। उधर पयागपुर में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश तिवारी व महामंत्री गोपाल जी शुक्ल की अगुवाई में शिक्षक आंदोलित रहे।
कहा कि प्रशिक्षु शिक्षको की तैनाती को एक साल हो चुके हैं फिर भी अभी तक उन्हें वेतन नहीं दिया गया है। इसके अलावा अन्य लंबित समस्याओं के प्रति सरकार सजग नहीं है। चित्तौरा में अध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी व मंत्री भूपेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव की अगुवाई में शिक्षकों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन करते हुए मांगपत्र खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार को सौंपा।
जबकि फखरपुर में अध्यक्ष साकेत भूषण तिवारी की अगुवाई में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। तेजवापुर में अध्यक्ष आनंद कुमार पाठक व मंत्री विजय कुमार उपाध्याय की अगुवाई में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। कैसरगंज, हुजूरपुर, महसी, जरवल, नवाबगंज, रिसिया, बलहा, शिवपुर, विशेश्वरगंज ब्लॉकों में भी शिक्षकों ने आंदोलन कर हक व अधिकार की मांग की।