बहराइच मेडिकल कॉलेज में मॉकडि्रल करते अग्निशमन विभाग के कर्मी। - स्रोत : विभाग
बहराइच। मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को अग्निकांड की स्थिति में बचाव और नियंत्रण की तैयारियों का आकलन करने के लिए मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। प्रशासनिक भवन के परिसर में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर फायर कंट्रोल टीम ने समयबद्ध तरीके से आग बुझाना सिखाया।
मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य छात्रों और कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी और त्वरित प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण देना रहा। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संजय खत्री, एमएस डॉ. अनूप कुमार, अन्य संकाय सदस्य, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य स्मिथा फिलिप, अस्पताल प्रबंधक रिज़वान उपस्थित रहे। इनके अलावा अग्निशमन विभाग से एफएलएम सत्य प्रकाश द्विवेदी, एफएसडी विपिन कुमार, एफएम दिनेश पटेल, नवनीत गौतम, कृष्णा यादव व अवनीश चौहान सहित कई कर्मचारी भी मौजूद रहे।
प्राचार्य डॉ. संजय खत्री ने कहा कि ऐसी ड्रिल समय-समय पर अत्यंत आवश्यक हैं, ताकि आपदा की स्थिति में किसी प्रकार की जान-माल की हानि न हो। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे मॉकड्रिल जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। मॉकड्रिल के माध्यम से मेडिकल कॉलेज ने यह संदेश दिया कि वह हर आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।