बहराइच। सुजौली थाना क्षेत्र निवासी कानूनगो के बेटे ने सोमवार की रात किसी से फोन पर बात करने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुजौली थाना क्षेत्र के जनजातीय बहुल गांव बरदिया निवासी रामपाल चौधरी कानूनगो हैं और नानपारा तहसील में तैनात हैं। उनका बेटा अमन चौधरी (25) पयागपुर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से डीएलएड की पढ़ाई कर रहा था। वह कोतवाली देहात क्षेत्र के किसान आश्रम में रह रहा था। बताया जाता है कि वह फोन पर किसी से बात कर रहा था और उसके कुछ देर बाद कमरे में चला गया था। दोस्तों ने कई बार फोन किया, जब उसने फोन नहीं उठाया तो वे उसके कमरे में पहुंचे। वहां उसका शव फंदे से लटका मिला।
बेटे के मौत की सूचना जब रामपाल को मिली तो वह भी बिलख पड़े। सूचना पर पहुंचे कोतवाल देहात संतोष सिंह ने टीम के साथ मौके पर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा श्यामपाल चौधरी ने बताया कि पवन इकलौता बेटा था। मौत की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रेम प्रसंग की चर्चाएं तेज
डीएलएड छात्र अमन चौधरी की आत्महत्या के बाद से चर्चाओं का बाजार गर्म है। ज्यादातर लोगोंं का मानना है कि छात्र ने प्रेमिका की किसी बात से नाराज होकर आत्महत्या कर ली है।
कोट-
शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। -संतोष सिंह, कोतवाल देहात