बहराइच। नए साल के जश्न को लेकर युवा उत्साह से लबरेज हैं। वर्ष 2016 के स्वागत के लिए संगीत संग धूम धड़ाका करने की तैयारी है। लेकिन इन तैयारियों के लिए न तो कार्यक्रम करने वाले अधिकारियों ने अनुमति ली है न ही प्रशासन को अब तक इसकी भनक लगी है।
प्रशासन ने भी बिना अनुमति सड़कों पर कार्यक्रम व हुड़दंग करने वालों पर सख्ती के लिए कमर कस ली है। पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में गली मोहल्लों में गश्त करेंगे। कार्यक्रम करने वालों को जेल भेजा जाएगा।
साल 2015 की आखिरी रात को अलविदा कहने और साल 2016 के स्वागत की तैयारियों को लेकर युवाओं, बच्चों और महिलाओं में हर वर्ग ने अपने अंदाज में नये साल का जश्न मनाने को तैयारी शुरू कर दी है।
कई युवा अपने मित्रों संग पार्क और रेस्तरां में नया साल मनाने का मन बना रहे हैं। जबकि कई जगहों पर युवाओं ने आपस में पैसे एकत्र कर डीजे की धुन पर थिरकते हुए नये साल के स्वागत का निर्णय लिया है।
शहर के छावनी बाजार, रोडवेज के पास, डिगिहा तिराहा व अग्रसेन चौक, पानी टंकी चौराहा समेत कई स्थानों पर युवा एकत्र होकर नया साल मनाएंगे। लेकिन, यह तैयारी अब तक चोरी छिपे ही चल रही है।
न तो आयोजनों के लिए अनुमति ली है न ही अभी तैयारी दिख रही है। गुरुवार दोपहर अचानक चौक, चौराहों के पास डीजे की धुन सुनाई पड़ेगी। ऐसे आयोजनों पर प्रशासन ने शिकंजा कसने की तैयारी की है।
बिना अनुमति सड़कों पर देर रात तक हुड़दंग मचाने वालों को पकड़ने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी गली, मोहल्लों में गश्त करेंगे।
डीजे के लिए भी लें अनुमति
नगर में किसी सार्वजनिक स्थान पर कार्यक्रम करने से पहले प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी होता है। लेकिन अब तक एक भी आयोजन का पत्र नहीं मिला है। ऐसे में बिना अनुमति सड़क पर नए साल के स्वागत में डीजे आदि लगाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस को निर्देश दिए जा रहे हैं।
-विजय नरायन पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट, बहराइच
हुड़दंग मचाने वालों पर रहेगी नजर
शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में नये साल के जश्न को लेकर युवा वर्ग उत्साहित है। उत्साह में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों व सीओ को निर्देशित किया जा चुका है। रात में पेट्रोलिंग कर चौकसी के निर्देश भी दिए गए हैं। गली, मोहल्लों में सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगे।
-सालिकराम वर्मा, पुलिस अधीक्षक
नेपाल सीमा पर भी जवान मुस्तैद
रुपईडीहा। नव वर्ष पर नेपाल की खुली सीमा से अराजक तत्व भारतीय सीमा में प्रवेश कर उत्पात न मचा सकें। इसे लिए एसएसबी ने मोर्चा संभाल लिया है। नोमेंस लैंड पर गश्त बढ़ा दी गई है। पगडंडियों पर भी आने जाने वालों की तलाशी ली जा रही है।
एसएसबी के सहायक सेनानायक विपिन शर्मा ने बताया कि नए साल के कारण सघन तलाशी अभियान चलाया गया है। इस कारण मुख्य द्वार से नेपाल में आवागमन करने वालों का पूरा ब्यौरा दर्ज किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण अंचलों से नेपाल से प्रवेश करने वाली पगडंडियों पर भी एसएसबी जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।