रिसिया (बहराइच)। थाना क्षेत्र निवासी एक निजी लाइनमैन शुक्रवार की रात ग्रामीणों के फोन पर बिजली लाइन सही कर रहा था। इसी दौरान अचानक आपूर्ति चालू हो गई जिससे वो करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिसिया थाना क्षेत्र के बिछला गांव के शुक्रवार की रात आपूर्ति बाधित हो गई थी। ग्रामीणों ने छीटनपुरवा निवासी क्षेत्रीय लाइनमैन सुरेश कुमार (35) को फोन कर बुलाया और लाइन सही करने की बात कही। सुरेश खंभे पर चढ़ कर लाइन सही कर रहा था इसी दौरान अचानक आपूर्ति चालू हो गई। सुरेश हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
रिसिया के अवर अभियंता विजय तिवारी ने बताया की जब सूचना मिली तो लाइन बन्द करवा दी गई। कर्मचारियों को भेज कर मृतक युवक के शव को पोल से उतरवाकर फिर लाइन चालू करवा दी गई है। मृतक विभागीय लाइन मैन नहीं था।
परिजन बोले- सरकारी लाइनमैन ले गया था
शव का पोस्टमार्टम करवाने आए मृतक सुरेश के भाई पवन ने बताया कि सुबह घर से सरकारी लाइनमैन उसे बुला कर ले गया था। वह रोजाना उसे अपने साथ ले जाता था। मृतक अपने पीछे चार बच्चों सौरभ सिंह(6), छोटू (3), रिया (1.5 वर्ष) व तीन माह की बेटी को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।