बहराइच। संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए बुधवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान शुरू हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने सीएमओ कार्यालय से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की भागीदारी और सभी विभागों के सहयोग से ही इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
जागरूकता रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ अन्य विभागों के लोग भी शामिल रहे। रैली के दौरान लोगों को मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों के साथ-साथ दिमागी बुखार से बचाव के उपाय बताए गए।
सीएमओ ने बताया कि एक से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुपोषण और अन्य लक्षणों वाले लोगों की पहचान करेंगे और उनका विवरण पोर्टल पर दर्ज करेंगे, ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को समाप्त करने, फॉगिंग तथा दवाओं के छिड़काव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही गर्मी को देखते हुए लोगों को स्वच्छ पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।