कैसरगंज। पारले चीनी मिल के उप मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी ने मिल गेट पर गन्ना लेकर आए किसानों से अपील की कि वे अस्वीकृत गन्ना प्रजातियों की बोआई कतई न करें। उन्होंने कहा कि आगामी पेराई सत्र में 05191, 0233 और 9302 प्रजातियों का न तो सर्वे किया जाएगा और न ही मिल द्वारा इनकी खरीद होगी।
संजीव राठी ने कहा कि कुछ किसान प्रजाति 08272 के भ्रम में 05191 की बोआई कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने बताया कि 05191 एक अस्वीकृत प्रजाति है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इसी तरह 9302 प्रजाति में फूल आने के कारण उसे भी अस्वीकृत श्रेणी में रखा गया है।
आगामी सत्र में बोआई बढ़ने की संभावना को देखते हुए उन्होंने किसानों को अभी से स्वीकृत प्रजातियों का बीज सुरक्षित करने की सलाह दी। बताया कि स्वीकृत प्रजातियों में 15023, 0118, 14201, 13235, 16202, 18231, 94184, 15466 और 98014 शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मिल गेट और क्रय केंद्रों पर केवल साफ-सुथरा, ताजा और पत्ती रहित गन्ना ही लाएं। खराब या मिश्रित गन्ना मिलने पर उसे वापस कर दिया जाएगा। इस दौरान मिल के अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।