बहराइच में मदरसा के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करते अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी।
बहराइच। शासन द्वारा अनुदानिक मदरसों में शिक्षण कार्य की समय सारणी लागू करने व सभी विषयों की पढ़ाई सुनिश्चित कराने के लिए बुधवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने संजय मिश्रा ने बैठक की। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय पर आयोजित बैठक में कई मदरसोंं के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
बैठक में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी संजय मिश्रा ने मदरसों की यूडाइस व अपार आईडी प्रगति की समीक्षा की। धीमी प्रगति पर कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द व्यवस्थाएं सुधारने के लिए निर्देशित किया। प्रधानाचार्यों को संबोधित करते हुए संजय मिश्रा ने कहा कि मदरसों में शासन की मंशानुरूप एनसीईआरटी पाठ्यक्रम को अनिवार्य रूप से सभी लोग लागू करेंं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मदरसों में व्यवस्थित समय सारणी का प्रयोग होता नहीं मिला है, जो अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी लोग एक समय सारणी बनाकर कार्यालय भेजेंं और उसका पालन करें। साथ ही मदरसों में धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान, सामान्य ज्ञान आदि की पढ़ाई करवाएं। उन्होंंने कहा कि निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।