नानपारा के राहत इंटर कालेज में आयोजित प्रशिक्षण में मौजूद छात्राएं।
- फोटो : BAHRAICH
नानपारा (बहराइच)। राहत जनता इंटर कॉलेज में सोमवार को छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। विद्या भारती संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
नानपारा में स्थित राहत जनता इंटर कॉलेज में विद्या भारती संस्थान की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षकों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। इस दौरान ब्लैक बेल्ट दिलीप जायसवाल तथा दिनकर द्विवेदी ने छात्राओं को किसी भी आपातकाल में अपनी आत्मरक्षा के लिए अभ्यास कराया।
इसमें किसी भी अवांछित तत्व की ओर से उनको शारीरिक क्षति पहुंचाने की अवस्था में उन्हें बताया कि किस प्रकार उससे बचाव करेंगी और साथ ही साथ अवांछनीय व्यक्ति के ऊपर कैसे प्रहार करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय की लगभग 600 छात्राओं ने कुशल प्रशिक्षकों की देखरेख में अभ्यास किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दीनबंधु शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक छात्रा को स्वयं सबल होकर अपना बचाव करना चाहिए और भय ग्रस्त होकर किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधियों का सहन नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत बालिका आज देश की आवश्यकता है और वह अपनी रक्षा करने में स्वयं सक्षम बनेगी। इस मौके पर विद्यालय के प्रवक्ता रामकृष्ण यादव, अरुण प्रकाश चौधरी, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।