शहर के राजकीय इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर निकलते छात्र-छात्राएं। -संवाद
बहराइच। जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा में शनिवार को गणित, अंग्रेजी और मानसिक योग्यता परीक्षण के सवालों ने विद्यार्थियों को उलझाया। किसी ने प्रश्नपत्र को कठिन तो किसी ने औसत दर्जे का बताया। जिले के 19 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में आवेदन करने वाले 4750 विद्यार्थियों में से करीब 65 फीसदी शामिल हुए। विद्यालय में 80 सीटों पर प्रवेश होना है।
परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एक पाली में हुई। राजकीय इंटर कॉलेज केंद्र से परीक्षा देकर निकली जगतापुर निवासी टानिध पटेल और प्रियांशी ने बताया कि गणित और अंग्रेजी के कुछ प्रश्न कठिन थे। उन्हें हल करने के लिए दोबारा पढ़ना पड़ा।
चिलवरिया से परीक्षा देने आए रोहितांश ने कहा कि गणित और अंग्रेजी के साथ मानसिक योग्यता के प्रश्न भी आसान नहीं थे। हालांकि, कुल मिलाकर पेपर ठीक हुआ। टेड़िया भयापुरवा की अपर्णा सिंह और बल्दीपुरवा निवासी महेश्वर नाथ यादव ने प्रश्नपत्र को औसत दर्जे का बताया।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सचल दस्तों और खंड शिक्षा अधिकारियों ने भी व्यवस्था पर नजर रखी। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अभिभावकों और विद्यार्थियों की भीड़ रही।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी 19 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई गई और खंड शिक्षा अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण भी किया।