चरदा। विकासखंड नवाबगंज के हायर सेकेंडरी स्कूल चरदा में शनिवार को कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर (कक्षा 10) के छात्रों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया। भावनाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर इस कार्यक्रम में जहां एक ओर उत्साह था, वहीं दूसरी ओर बिछड़ने की टीस भी साफ नजर आई।
प्रधानाचार्य निरंजन पांडेय ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्य ही जीवन में सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की अपील की। इस अवसर पर अरविंद कुमार शुक्ला, प्रवीण कुमार मिश्रा, राहुल विश्वकर्मा, चैतराम कौलिक और सरिता जायसवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान कई विद्यार्थी भावुक भी हो गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में समां बांध दिया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक आरके सिंह और प्रधानाचार्य बीएस मिश्रा की उपस्थिति में विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।