श्रावस्ती। मंडलायुक्त ने शुक्रवार को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय पांडेपुरवा का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां विद्यालय में तैनात शिक्षक कक्षा सात की अंग्रेजी की किताब नहीं पढ़ सके।
वहीं कक्षा पांच के छात्र प्रदेश की राजधानी का नाम नहीं बता सके। आंगनबाड़ी केंद्र पर भी छात्रों की संख्या कम मिली। इस पर मंडलायुक्त ने शिक्षक व कार्यकर्त्री को कड़ी फटकार लगाई।
आयुक्त देवी पाटन मंडल गोंडा मुरलीधर दूबे औचक रूप से हरिहरपुररानी क्षेत्र के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय पांडेपुरवा पहुंचे। जहां कक्षा तीन का छात्र वैभव एबीसीडी नहीं सुना सका।
वहीं कक्षा चार का छात्र विजय सेन वर्मा अपने नाम की स्पेलिंग नहीं बता पाया। जबकि कक्षा पांच का छात्र विकास वर्मा प्रदेश की राजधानी का नाम नहीं बता सका। कक्षा सात का छात्र अखिलेश अंग्रेजी की किताब नहीं पढ़ सका।
इस पर साथ में मौजूद जिलाधिकारी आर विक्रम सिंह ने सहायक अध्यापक प्रकाश वीर से कक्षा सात की पोयम पढ़ कर सुनाने को कहा जिसका शिक्षक सही से उच्चारण नहीं कर सके।
इस पर डीएम ने मौके पर मौजूद खंड शिक्षाधिकारी शिव शंकर मौर्या को कड़ी फटकार लगाते हुए गिरते शिक्षा सतर को तत्काल सुधारने का निर्देश दिया। वहीं मंडलायुक्त द्वारा विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया।
जहां मात्र दस बच्चे ही मौजूद मिले। इस पर मंडलायुक्त ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री नीतू सतसंगी व सहायिका सुनीता को कड़ी फटकार लगाते हुए बच्चों की उपस्थिति शत प्रतिशत सुनिश्चित करने तथा नियमित पुष्टाहार वितरण करने का निर्देश दिया।
साथ ही मंडलायुक्त ने विद्यालय में मौजूद शिक्षकों को बेहतर शिक्षा देने व दोबारा विद्यालय की जांच में कमी मिलने पर निलंबन के लिए तैयार रहने का कड़ी चेतावनी भी दी।
अस्पताल के सारे इंस्ट्रूमेंट्स काम कर रहे हैं या नहीं
रतनापुर (श्रावस्ती)। विकास का सच जिले में देखने आए मंडलायुक्त ने शुक्रवार को थाना सोनवा व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक से पूछा कि बीपी मशीन सहित अन्य इंस्ट्रूमेंट काम कर रहे या नहीं। इस दौरान उन्होंने अपनी बीपी भी नपाई।
जिले में विकास का सच देखने के लिए आयुक्त देवी पाटन मंडल मुरलीधर दूबे गुरुवार को नेवरिया में रात्रिकालीन चौपाल लगाई थी। सुबह वह सोनवा थाने पहुंच गए। वहां साफ सफाई सहित जीडी की भी जांच की।
लाॅकप की स्थिति देख कर थाना प्रभारी को बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार करने व बिना लिखापढ़ी को किसी को थाने न लाने का निर्देश भी दिया। इसी के बाद आयुक्त ने अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र सोनवा का औचक निरीक्षण किया। जिसमें वहां तैनात चिकित्सक से पूछा कि बीपी मशीन ठीक है।
सुबह से कितने मरीजों का इलाज किया। इस दौरान उन्होंने व डीएम आर विक्रम सिंह ने अपना बीपी भी चेक कराया। इस दौरान आयुक्त ने कहा कि मरीज भगवान के समान हैं। उसके साथ अच्छा व्यवहार होना चाहिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एनपी सिंह, बीएसए महेश प्रताप सिंह सहित काफी संख्या में अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।