बौंडी (बहराइच)। विकासखंड तेजवापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सबलापुर स्थित एक निजी संस्थान में सोमवार को छात्रों ने प्राचार्य पर अभद्रता का आरोप लगाया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। छात्रों ने थाना कोतवाली देहात में भी प्राचार्य के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है।
इलाके के एक निजी संस्थान में सोमवार को छात्र-छात्राएं परीक्षा देने पहुंचे थे। फार्मेसी के छात्र रोहित त्रिवेदी ने बताया कि कुछ छात्रों की फीस न जमा होने के कारण प्राचार्य व एचओडी द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई। लगभग 50 से अधिक छात्रों को परीक्षा कक्ष से बाहर निकाल दिया गया। इसका विरोध करने पर प्राचार्य द्वारा छात्रों को मारने के लिए भी दौड़ाया गया जिससे छात्र उग्र हो उठे। छात्रों ने कॉलेज परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी भी की।
घटना की सूचना मिलते ही बेड़नापुर पुलिस चौकी से मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्थिति संभाली। छात्रों की ओर से इसकी शिकायत थाना कोतवाली देहात पर भी दर्ज कराई गई है। इस मामले में प्राचार्य का पक्ष जानने के लिए उन्हें फोन किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। वहीं नर्सिंग विभाग के प्रधानाचार्य ने ऐसी किसी घटना से अनभिज्ञता जताई।