बहराइच। बिजली कर्मियों की सांकेतिक हड़ताल व धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। अभियंताओं व कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में ऊर्जा विभाग के शीर्ष प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगें जल्द पूरी करने की मांग की। साथ ही अनिश्चिकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी।बिजली कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के जनपद संयोजक व एसडीओ आनंद सिंह व सहसंयोजक व बिजली कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार गोस्वामी की अगुवाई में शुक्रवार को भी बिजली कर्मचारी व अभियंताओं की हड़ताल मालगोदाम रोड स्थित कार्यालय में जारी रही। पदाधिकारियों ने ऊर्जा मंत्री पर लिखित समझौता होने के बाद भी वादाखिलाफी का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि सरकार ओबरा व अनपरा की नई विद्युत उत्पादन इकाइयों को एनसीपीटी को देने और पारेषण स्कंध के निजीकरण की साजिश में जुटी है। तानाशाहीपूर्ण रवैये से उपभोक्ता भी परेशान हैं। इस मौके पर एसडीओ विजय कुमार, अश्विनी कुशवाहा, संजय कुमार, अनिल कुमार भारती, प्रतीक गुप्ता, अजय कुमार, राजतिलक गौतम, चंदन प्रजापति, मुकेश पटेल आदि मौजूद रहे।