महसी क्षेत्र में मृत पड़ा मिला सारस। - स्रोत : ग्रामीण
बहराइच। सरयू नदी के कछार में बुधवार को एक सारस मृत अवस्था में मिला। बहराइच वन प्रभाग के महसी रेंज अंतर्गत हरदी गौरा गांव के लोग शाम को अपने खेत की रखवाली कर रहे थे, तभी उन्हें पक्षी मृत पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी।
वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद साकिब ने बताया कि नदी के किनारे रात का तापमान काफी कम हो जाता है, जिससे ठंड के कारण पक्षी की मौत हुई हो सकती है। उन्होंने कहा कि टीम मौके पर भेजी गई है और पक्षी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।