बहराइच। दो साल से लंबित ब्लॉक प्रबंधक भर्ती भी धांधली की भेंट चढ़ गई है। शुक्रवार को इस भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए सीएमओ कार्यालय में साक्षात्कार आयोजित किया गया था लेकिन सुबह ही डीएम के आदेश पर प्रक्रिया पर अनिश्चित काल के लिए रोक लगा दी गई है।
साक्षात्कार देने आए बहराइच के अलावा बाराबंकी, फैजाबाद, गोंडा, बस्ती आदि गैर जिलों के अभ्यर्थियों खासी दिक्कत हुई। अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर अपने गुस्से का इजहार किया।
शासन के निर्देश पर सितंबर 2013 में तत्कालीन सीएमओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले के 14 ब्लॉकों में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक की भर्ती के लिए आवेदन मांगा था लेकिन किसी कारणवश भर्ती प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई।
इस भर्ती प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाने के लिए एक माह पूर्व वर्तमान सीएमओ डॉ केबी जैन ने समाचार पत्रों में विज्ञप्ति का प्रकाशन कराया। 14 पदों के सापेक्ष विभाग के पास 304 आवेदन आए। इस पद के लिए एमबीए, एमएसडब्लू व सोशल साइंस से परास्नातक अर्हता रखी गई। साथ ही, दो वर्ष का कार्य अनुभव भी मांगा गया। अनुभवों संबंधी अभिलेखों की पड़ताल के आधार पर सीएमओ ने 152 आवेदनों को निरस्त कर दिया।
इस संबंध में जब विभाग ने पात्र व अपात्रों की सूची जारी की तो अपात्रों ने हंगामा काटा। उच्च अधिकारियों को शिकायत की। इसके बाद सीएमओ ने भर्ती प्रक्रिया रोक दी। शासन के निर्देश पर आवेदनों की सत्यता जांच करने के लिए एडीएम विद्याशंकर सिंह को जिम्मेदारी।
14 सितंबर को आवेदकों से आपत्तियां मांगी गईं। 15 सितंबर को एडीएम ने आपत्तियों का निस्तारण किया लेकिन अपात्रों की संख्या वही रही। इसके बाद सीएमओ डॉ केबी जैन ने साक्षात्कार की तिथि 18 व 19 सितंबर घोषित कर दी।
बहराइच के अलावा बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, श्रावस्ती, बस्ती, फैजाबाद आदि गैर जिलों से आवेदक शुक्रवार सुबह सीएमओ कार्यालय स्थित अचल प्रशिक्षण केंद्र में साक्षात्कार देने के लिए पहुंच गए लेकिन अचानक डीएम अभय कुमार ने भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी।
सीएमओ की ओर से जारी इस बाबत सूचना के बाद आवेदकों में आक्रोश फैल गया। सभी ने सीएमओ पर भर्ती प्रक्रिया में धांधली व अपने चहेतों को नौकरी देने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई।
डीएम के आदेश पर करेंगे साक्षात्कार
सीएमओ डॉ केबी जैन ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया अपरिहार्य कारणों से रोक दी गई है। डीएम से अनुमति मिलने के बाद दोबारा साक्षात्कार की तिथि घोषित की जाएगी।