बहराइच। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के सुपनी गांव से दामाद अपनी सास को लेकर बौंडी में रिश्तेदारी में न्यौता करने जा रहा था। सोमवार देर शाम गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॅाली ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दामाद व सास की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैँ। हादसे से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हुजूरपुर थाना अंतर्गत सुपनी गांव निवासी रामजियावन (37) पुत्र सुकई अपनी ससुराल में रहता था। बौंडी क्षेत्र में अपनी रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में न्यौता करने के लिए रामजियावन अपनी सास मंगला देवी (65) पत्नी सम्मन को बाइक पर बैठाकर सोमवार रात करीब आठ बजे जा रहा था। बाइक सवार सास व दामाद हुजूरपुर-फखरपुर मार्ग पर राजापुर टेड़वा पुलिया के निकट पहुंचे। तभी हुजूरपुर की ओर से गन्ना लादकर परसेंडी चीनी मिल जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही सास व दामाद की मौत हो गई।
आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में सास व दामाद की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को घटनास्थल से कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एसओ ने बताया कि रामजियावन सुपनी गांव में स्थित एक गैस एजेंसी पर कर्मचारी था। एसओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि रामजियावन की पत्नी मंदबुद्धि है। उसके दो पुत्र हैं। रामजियावन अपनी ससुराल में रहता था। लेकिन उसकी मौत से पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसे से घर में कोहराम मचा हुआ है।