बहराइच। वेलेंटाइन-डे को जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। किसी ने गुलाब का फूल देकर तो किसी ने बुके देकर प्यार का इजहार किया। रेस्टोरेंट, माल व सिनेमा घरों में प्रेमी जोड़ों की भीड़ दिखी तो पार्कों में भी परिवार के साथ लोग वेलेंटाइन-डे मनाते हुए नजर आए।
वेलेंटाइन-डे का उल्लास जिले में चारों ओर दिखा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक लोगों ने प्यार का इजहार कर अपने दिल की बात कही। सुबह से वेलेंटाइन-डे पर बधाई का सिलसिला शुरू हुआ तो देर शाम तक चलता रहा। सुबह से ही पार्कों व रेस्टोरेंटों में प्रेमी युगल नजर आने लगे। सबसे ज्यादा भीड़ गुुलाब व गुलदस्ते की दुकानों पर नजर आई।
वेलेंटाइन-डे पर अपने जोड़े व परिवार के साथ लोगों ने जमकर सेल्फी ली। प्रेमी जोड़ों ने मंदिर में जाकर प्रार्थना की कि यह जोड़ी सात जन्मों तक सलामत रहे। शहर के राजकीय उद्यान पार्क, स्वर्ण जयंती पार्क रिसिया व कतर्नियाघाट जंगल में स्थित पार्क में काफी चहल-पहल दिखी। पति-पत्नी व परिवार के साथ युवक-युवतियों से भी पार्क व रेस्टोरेंट गुलजार रहे। सुरक्षा के मद्देनजर महिला थाने की टीम पार्क व रेस्टोरेंट के आसपास घूमती रही और शोहदों पर नजर बनाए रखी।
150 रुपये तक बिके गुलाब
वेलेंटाइन-डे पर गुलाब के फूल का खूब क्रेज रहा। सुबह बिकने के लिए 20 रुपये से शुरू हुआ गुलाब का फूल देर शाम तक 150 रुपये तक पहुंच गया। लोगों के बढ़ती डिमांड के साथ गुलाब का रेट भी बढ़ता रहा। बुके व गुलदस्ते के दामों भी जमकर इजाफा हुआ।
नहीं आई कोई शिकायत
सुबह से ही शहर के पार्क व रेस्टोरेंट के आसपास गश्त की गई। देर शाम तक कहीं भी किसी प्रकार की शिकायत नहीं आई। पार्क, माल व रेस्टोरेंट में बिना वर्दी के भी महिला सिपाहियों को तैनात किया गया था। जिससे कहीं भी कोई दिक्कत आएं तो कार्रवाई की जा सके। हालांकि सब कुछ सही रहा। -मंजू पांडेय, महिला थानाध्यक्ष